
सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने दीपावली स्नेह मिलन समारोह में की घोषणा, भूमि पूजन भी किया
जयपुर (आकाश शर्मा)। सिविल लाइंस के शिवाजी नगर में रविवार को शिवाजी नगर विकास समिति के सौजन्य से दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक गोपाल शर्मा रहे। उन्होंने लोगों से दीपावली की रामा श्यामा भी की। विधायक शर्मा ने वार्ड 48 में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत 15 लाख रुपए की लागत से शिवाजी नगर सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार एवं नवीन विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। साथ ही, भवन के और बेहतर विकास के लिए अतिरिक्त 10 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार का धन्यवाद किया, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की 11 विभिन्न परियोजनाओं के प्रभावी अमलीकरण में देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। अंत में विधायक शर्मा ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कामना की कि समाज में स्नेह, सद्भाव और विकास का यह दीपक सदा प्रज्वलित रहे। समारोह में विप्र फाउंडेशन के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विधायक गोपाल शर्मा का औपचारिक अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चेयरमैन-पार्षद राजेश कुमावत, चेयरमैन-पार्षद उत्तम शर्मा, पद्मश्री तिलक गीताई, शिवाजी नगर विकास समिति के अध्यक्ष रतन मालपानी, शांति नगर मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, विप्र फाउंडेशन महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष सविता शर्मा, किरण शर्मा, हर्ष कौशिक, भवानी शर्मा, जगदीश राजौरिया, मेघना कुमावत, अंकुश, पंकज, अमन, विनोद शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
