अमर उजाला शब्द सम्मान-2024 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित पांच-पांच लाख के दो आकाशदीप अलंकरण, एक-एक लाख के पांच अन्य सम्मान


कोलकाता : प्रतिष्ठित अमर उजाला शब्द सम्मान-2024 के लिए इस बार प्रस्ताव भेजने की अंतिम तारीख 31 अक्तूबर, 2024 है। आकाशदीप, छाप, थाप और भाषा-बंधु सम्मानों के सफर का यह छठा क्रम होगा। किसी रचनाकार के समग्र अवदान के लिए दिए जाने वाले शिखर सम्मान ‘आकाशदीप’ के तहत हिंदी भाषा और एक अन्य भारतीय भाषा के सर्जक को पांच-पांच लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।


साथ ही किसी लेखक की पहली कृति के लिए एक लाख रुपये का ‘थाप’ सम्मान और ‘छाप’ के तहत एक-एक लाख रुपये के तीन सम्मान- एक कविता, एक कथा और एक गैर-कथा श्रेणियों में वर्ष की श्रेष्ठ कृतियों पर प्रदान किए जाएंगे। हिन्दी एवं भारतीय भाषाओं में पारस्परिक अनुवाद के लिए भाषा बंधु सम्मान भी इसी के साथ दिया जाएगा। सम्मान में नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न गंगा प्रतिमा भेंट की जाएगी। आकाशदीप से अब तक प्रख्यात साहित्य मनीषी डॉ. नामवर सिंह ,गिरीश कारनाड , ज्ञानरंजन , भालचंद्र नेमाड़े , विश्वनाथ त्रिपाठी , शंख घोष ,शेखर जोशी, प्रतिभा राय, विनोद कुमार शुक्ल और एम. टी. वासुदेव नायर अलंकृत किए जा चुके हैं। श्रेष्ठ कृतियों के चयन में ‘थाप’, ‘छाप’ और ‘भाषाबंधु’ के अंतर्गत 2023 में प्रकाशित कृतियां विचारार्थ ली जाएंगी। इस वर्ष छाप (कथा वर्ग) में उपन्यास को विचारार्थ लिया जाएगा। थाप(प्रथम प्रकाशित कृति) के तहत भी कथा को विचारार्थ लिया जाएगा। श्रेष्ठ कृतियों का चयन अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा गठित उच्चस्तरीय निर्णायक मंडल करेगा।
शब्द सम्मान- 2024 के लिए कोई भी भारतीय नागरिक, लेखक, प्रकाशक या पाठक निर्धारित प्रपत्र में प्रस्ताव या अनुशंसाएं भेज सकता है। प्रपत्र shabdsamman.amarujala.com से डाउनलोड किए जा सकते हैं। श्रेष्ठ कृतियों की प्रकाशन अवधि वर्ष 2023 है। प्रस्ताव निर्धारित प्रपत्र के साथ संयोजक, अमर उजाला शब्द सम्मान, अमर उजाला फाउंडेशन, सी-21/22, सेक्टर-59, नोएडा-201301 के पते पर 31 अक्तूबर, 2024 तक पहुंच जाने चाहिए। कवर पर स्पष्ट रूप से अंकित करें कि प्रस्ताव किस श्रेणी के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?