तीन सूत्रीय मांगों को लेकर केएलओ लिंकमेन का आमरण अनशन शुरू

 

सिलीगुड़ी, 13 मार्च । उत्तर बंगाल के फूलबाड़ी इलाके में पूर्व कामतापुर लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (केएलओ) लिंकमेनों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया है। यह अनशन रोजगार, स्थायी पुनर्वास और ऑटोनॉमस काउंसिल के गठन की मांग को लेकर “एक्स-केएलओ लिंक मैन महिला (नारी) मंच समन्वय समिति के बैनर तले शुरू किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आंदोलनकारी सिलीगुड़ी शहर संलग्न के बटालियन मोड़ पर धरना मंच बनाकर आमरण अनशन पर बैठ गए। इस आंदोलन में पुरुषों के साथ-साथ कई महिला लिंकमेनों ने भी हिस्सा लिया।

आंदोलनकारियों का कहना है कि पूर्व केएलओ सदस्यों और लिंकमेनों के लिए तुरंत रोजगार की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके साथ ही उनके स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था करने और क्षेत्र में ऑटोनॉमस काउंसिल गठित करने की मांग भी उठाई गई है।

प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *