दिल्ली एम्‍स से लालकृष्ण आडवाणी को मिली छुट्टी

नई दिल्ली, 27 जून । भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी (96) को दिल्ली एम्स से डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्हें उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पातल में भर्ती कराया गया था।

लालकृष्ण आडवाणी दिल्ली एम्स के प्राइवेट वार्ड से सरकारी आवास के लिए रवाना हो गए हैं। बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था।

लालकृष्ण आडवाणी को जरियाट्रिक डिपार्टमेंट के डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था।

जानकारी के मुताबिक, लालकृष्ण आडवाणी उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इस वजह से घर पर ही उनका समय-समय पर चेकअप किया जाता है। लेकिन बीती रात अचानक उन्हें कुछ दिक्कत महसूस हुई, जिसके चलते उन्हें दिल्ली एम्स लाया गया था।

बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी को 30 मार्च 2024 को भारत रत्न से सम्मानित किया गया है। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया था।

इस दौरान उन्होंने कहा था कि यह न केवल उनका, बल्कि उनके आदर्शों और सिद्धांतों का भी सम्मान है। इससे पहले साल 2015 में लालकृष्ण आडवाणी को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *