
आसनसोल। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र अन्तर्गत डामरा इलाके में अवैध कोयला खनन के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश आज फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने इलाके मे चल रहे अवैध खदानों के पास जाकर जमकर हंगामा किया और कोयला माफियाओं को खदेड़ दिया। यहां पप्पू, संतोष आदि के नेतृत्व में डंके की चोट पर महीनों से अवैध खनन किया जा रहा है। पुलिस की सांठगांठ से यहां अवैध कारोबार संचालित करने का आरोप है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां काफी समय से अवैध कोयला खनन माफियाओं द्वारा किया जा रहा है। खनन का दायरा अब लोगों के घर के पास पहुंच गया है। इससे उनके घरों के जमींदोज होने का खतरा बढ़ गया है। आज कुछ महिलायें विरोध करने गई तो उन्हें माफियाओं ने भगा दिया। इसके बाद लोग एकजुट होकर पहुंचे और अवैध खनन करनेवालों को खदेड़ा। यहां खदान में लगे बांस को आग लगा दिया। खबर पाकर पुलिस आई और लोगों को शांत कराया।
