कोलकाता, 1 फरवरी । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर लोकसभा चुनाव सूबे में अकेले लड़ने का ऐलान करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी तृणमूल विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन के साथ रहकर कांग्रेस के साथ गठबंधन को उत्सुक थी लेकिन कांग्रेस का मकसद भाजपा को मजबूत करना है। उन्होंने एक साथ माकपा, कांग्रेस और भाजपा तीनों पर हमला बोलो। गुरुवार को नदिया जिले के शांतिपुर में एक सार्वजनिक वितरण कार्यक्रम में संबोधन करते हुए ममता ने कहा कि हम गठबंधन के लिए तैयार थे लेकिन हमारे प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया गया।
ममता ने कहा,”हम गठबंधन चाहते थे लेकिन कांग्रेस इसके लिए तैयार नहीं हुई। उन्होंने चुनाव में भाजपा की मदद के लिए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के साथ हाथ मिलाया है।” ममता ने दोहराया कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस अकेले भाजपा को राज्य में हराएगी।