कोलकाता, 24 जनवरी । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बड़ी घोषणा करते हुए पश्चिम बंगाल में 2024 का लोकसभा विपक्षी इंडी गठबंधन से अलग अकेले लड़ने की घोषणा की है। इसके साथ ही वह कांग्रेस पर भी जमकर बरसी हैं। पूर्व बर्दवान में एक कार्यक्रम में संबोधन करते हुए उन्होंने अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में अपने दम पर अकेले लड़ेंगे और बीजेपी को हराएंगे। उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी किसी के साथ गठबंधन में नहीं रहेगी। ममता ने कांग्रेस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इंडी गठबंधन में मैंने जितने भी प्रस्ताव दिए, वे हमेशा ठुकरा गए। शुरुआत से ही ऐसा किया जाता रहा है। सीट बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए ममता ने कहा कि कभी भी मेरी कांग्रेस से इस पर चर्चा नहीं हुई। हमने (तृणमूल) हमेशा से कहा है कि बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे और भाजपा को हराएंगे। ममता ने कहा कि मैं इंडी गठबंधन का हिस्सा थी। ऐसे समय में राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रही है और इस बारे में मुझे कोई खबर नहीं दी गई। यात्रा कहां से गुजरेगी, कब निकलेगी, इस बारे में कोई चर्चा नहीं की गई। नियमानुसार गठबंधन में शामिल उन दलों से तो बात की ही जानी चाहिए थी जहां से यात्रा निकाली जानी है। ममता ने दोहराया कि टीएमसी हमेशा से भाजपा के खिलाफ लड़ती रही है और आगे भी लड़ेगी।
—–
कांग्रेस को अभी भी उम्मीद
ममता बनर्जी के इस फैसले पर कांग्रेस ने पहली प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जय राम रमेश ने कहा है, “राहुल जी ने भी कहा है कि ममता बनर्जी और टीएमसी के बिना इंडिया गठबंधन की कल्पना नहीं की जा सकती। भाजपा को हराने की इसी भावना के साथ हम बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं। कोई बीच का रास्ता निकाला जाएगा।”
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सफर में कई बार ठोकने आती हैं लेकिन ठहरा नहीं जाता बल्कि उसे पार किया जाता है। इस सफर में भी हम पीछे नहीं हटेंगे।