बंगाल पर से टल गया चक्रवात हामून का खतरा, बहुत कम होगा प्रभाव

 

कोलकाता, 24 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल से सटी बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात हामून का प्रभाव नाममात्र होने की उम्मीद है। कोलकाता में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अधिकारियों ने कहा कि राज्य में इसके सीधे टकराने की संभावना लगभग शून्य है। हालांकि, चक्रवात के प्रभाव से राज्य के दक्षिणी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण 24 परगना, उत्तरी 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर और पश्चिमी मिदनापुर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।उस समय इन चार जिलों में हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा के बीच होगी।कोलकाता, हावड़ा और हुगली जिलों में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। राज्य प्रशासन ने मछुआरों को बुधवार तक मछली पकड़ने के लिए गहरे समुद्र में जाने पर रोक लगा दी है।
राज्य कृषि विभाग को राज्य में चक्रवात के प्रभाव के कारण काफी हद तक फसलों के नुकसान की आशंका है।मंगलवार दोपहर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिससे दुर्गा पूजा मनाने वालों का त्योहारी मूड हल्का बिगड़ा है लेकिन दिन भर पूजा पंडालों में लोगों की भीड़ कम नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *