चिरेका में राष्ट्रीय स्तर कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण के साथ राजभाषा पखवाड़ा सम्पन्न
चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के राजभाषा विभाग द्वारा 29.09.2023 को आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2023 के समापन समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिरेका के महाप्रबंधक श्री देबी प्रसाद दाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस कार्यक्रम में चिरेका महिला कल्याण संगठन की डॉ आभाञ्जलि शतपथी भी मौजूद रहीं।
चिरेका के सभी विभागों के प्रधान एवं उप प्रधान अध्यक्ष इस कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी डॉ. मधुसूदन दत्त ने किया किया। महाप्रबंधक महोदय, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से की गई। इसके बाद मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री रामाशीष यादव ने स्वागत भाषण देते हुए भारत में राजभाषा हिंदी के महत्व को रेखांकित किया तथा सभी को हिंदी से जुड़ने का आह्वान भी किया। इसके बाद देश के विभिन्न प्रांतों से आए कवियों जिनमें श्रीमती डॉ आभाञ्जलि शतपथी,श्री वंशीधर मिश्रा,श्री अमित शुक्ला, सुश्री प्रियंका शुक्ला, श्री बाँके बिहारी, श्री जयंत शाह को महाप्रबंधक महोदय ने पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्रम् देकर सम्मानित किया। इसके बाद उपस्थित कविगणों ने अपने दर्शन, श्रृंगार एवं हास्य कविताओं से सभागार में मौजूद दर्शकों और श्रोताओं को काव्य रस का पान करवाया। हास्य कवियों ने हास्य रस से दर्शकों को सराबोर कर दिया।
कवि सम्मेलन के बाद राजभाषा पखवाड़ा के अवसर पर राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी विजेताओं को महाप्रबंधक महोदय ने प्रमाण पत्र सह नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। तदुपरांत महाप्रबंधक महोदय ने सभा को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के निरंतर उन्नति की कामना की और कहा-” भारत जैसे भाषाई विविधता वाले देश में एक ऐसी भाषा होनी चाहिए जो देश को एकता प्रदान कर सके, हिंदी ऐसी ही भाषा है।” उन्होंने राजभाषा विभाग को कार्यक्रम के सफल आयोजन की बधाई दी। इसके अलावा गृह पत्रिका अजय धारा का विमोचन गण मान्य अतिथियों के कर कमलों द्वारा किया गया। अंत में राजभाषा अधिकारी डॉ. मधुसूदन दत्त ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यक्रम का समापन हुआ।