पंचायत चुनाव में तृणमूल की हुई जीत

 

आसनसोल : मंगलवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद चारों तरफ तृणमूल कांग्रेस की जय जयकार देखी जा रही है। दरअसल सबसे पहले ग्राम पंचायत के नतीजे घोषित किए गए। पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल, पांडेश्वर और दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के सभी ग्राम पंचायतों के बोर्ड पर तृणमूल कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। चुनाव नतीजे घोषित होते ही तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता जीत के जश्न में डूब गए और जमकर हरा अबीर गुलाल उड़ाया। तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एवं पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि 2 दिनों तक कहीं भी विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा। बाद में पार्टी के राज्य नेतृत्व के तरफ से जो भी निर्देश मिलेगा उसका पालन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, पांडेश्वर ब्लाक के अंतर्गत 6 ग्राम पंचायत आते हैं और इन सभी 6 ग्राम पंचायतों पर तृणमूल कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया है। पांडेश्वर ब्लॉक के केन्द्रा, बैजनाथपुर, नवग्राम, हरिपुर, छोरा और बहुला ग्राम पंचायत के अंतर्गत 132 सीटें हैं। इनमें से 43 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस जीत दर्ज कर चुकी हैं। वहीं दूसरी तरफ अंडाल ब्लाक के अंतर्गत 8 ग्राम पंचायत है और सभी ग्राम पंचायतों पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा होता दिख रहा है। अंडाल ब्लॉक के अंडाल, उखड़ा, दक्षिणखंड, मदनपुर, काजोड़ा, रामप्रसादपुर और श्रीरामपुर ग्राम पंचायत पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा होता दिख रहा है। इसी प्रकार दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले 6 ग्राम पंचायतों क्रमशः गोगला, लाउदोहा, जेमुआ, गौर बाजार, प्रतापपुर और इच्छापुर ग्राम पंचायत पर भी तृणमूल कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *