कोलकाता, 05 अप्रैल । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर हनुमान जयंती की शोभायात्रा को लेकर सतर्क किया है। खेजूरी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस प्रशासन के साथ ही आम लोगों को सतर्क रहना होगा। हमने अपने लोगों को भी कहा है सतर्क रहने की जरूरत है। बजरंगबली का सम्मान हम सभी लोग करते हैं लेकिन उस बहाने हिंसा नहीं होनी चाहिए।
खेजुरी की जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दीघा प्रेस क्लब पहुंचीं जिसका उद्घाटन उन्होंने किया। यहां भी संबोधन करते हुए ममता ने कहा कि रमजान महीना चल रहा है। बांग्ला नववर्ष भी आ रहा है। कल हनुमान जयंती है। शांति से हर एक त्यौहार का पालन होना चाहिए। बंगाल शांत जगह है। बंगाल में सभी धर्मों के सभी लोगों का सम्मान होता है। सभी के उत्सव में हर कोई शामिल हो पाए यह सुनिश्चित करना होगा।
ममता ने गढ़ा नया शब्द शुभनंदन
इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को नया शब्द शुभनंदन गढ़ा है। दीघा प्रेस क्लब के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्ला नववर्ष आ रहा है। कोई शुभेच्छा देता है तो कोई अभिनंदन कहता है। मैं एक नया शब्द बता रही हूं- शुभ नंदन। यहां जितने लोग हैं सभी को बांग्ला नववर्ष की अग्रिम शुभनंदन कह रही हूं। ममता ने इस दौरान दीघा के दो समुद्र तटों का भी नामकरण किया। उन्होंने कहा कि एक का नाम टेउ सागर और दूसरे का सूर्य सागर रखा गया है।