कोलकाता, 22 फरवरी । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में महिलाओं के खिलाफ अपराध को रोकने और उन्हें अधिक सुरक्षित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से दो सप्ताह पहले बुधवार को दक्षिण कोलकाता के सर्वे पार्क में एक और महिला पुलिस थाना कार्यरत हो गया है। इसे मिलाकर कोलकाता में महिला थानों की संख्या नौ हो गई है।
सर्वे पार्क महिला पुलिस थाने में 31 महिला पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे । इनमें एक निरीक्षक, पांच उप-निरीक्षक, पांच सहायक उप-निरीक्षक और अन्य कांस्टेबल और नागरिक स्वयंसेवक शामिल है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक कोलकाता पुलिस का पूर्वी डिवीजन ही ऐसा था, जिसके अधिकार क्षेत्र में कोई महिला पुलिस स्टेशन नहीं था। पंचसायर और प्रगति मैदान के बीच रहने वाली महिलायें अब लालबाजार जाने के बजाय सर्वे पार्क थाने जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आमतौर पर कुछ प्रकार के अपराधों के बारे में महिला पुलिस से बात करने में अधिक सहज महसूस करती हैं इसलिए यह पहल की गई है। इसका उद्देश्य पीड़ितों के बीच विश्वास पैदा करना है, ताकि वे अपने खिलाफ हुए अपराधों की रिपोर्ट कर सकें।
नवनिर्मित सर्वे पार्क महिला थाने का प्रभार इंस्पेक्टर अनामिका चक्रवर्ती को सौंपी गई है। ली मेमोरियल और बंगवासी कॉलेज की पूर्व छात्रा अनामिका लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास करने के बाद 2009 में पुलिस बल में शामिल हुईं। विभिन्न प्रकार के कार्यों में 13 वर्षों के अनुभव के बाद वे एक थाने के पूर्ण प्रभार में आयी। यह महिला थाना ईएम बाईपास के हाईलैंड पार्क बस स्टैंड के पास स्थित है। आस-पास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के आवास और गगनचुंबी इमारतों का निर्माण किया जा रहा है। जनसंख्या भी बढ़ रही है। सर्वे पार्क थाने पर दबाव बढ़ता जा रहा था। कई लोगों का मानना है कि महिला थाना पुलिस और स्थानीय लोगों के लिए मददगार साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि 2011 में मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद ममता बनर्जी ने राज्य भर में 65 महिला पुलिस स्टेशन बनाने की घोषणा की थी। तदनुसार आसनसोल में पहला महिला पुलिस थाना 2012 में अस्तित्व में आया। कोलकाता में वर्ष 2018 में महिला थाने की स्थापना की गई। राज्य मंत्रिमंडल ने टालीगंज, वाटगंज, पाटुली और अम्हर्स्ट स्ट्रीट में चार महिला पुलिस थानों को मंजूरी दी। इसके बाद बेहाला, तालतला, उल्टाडांगा और कड़या इलाकों में चार और महिला थाने स्थापित किये गये। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को देशप्रिय पार्क में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस समारोह के मंच से पूर्वी मंडल के अंतर्गत नवनिर्मित सर्वे पार्क महिला पुलिस थाने का वर्चुअल उद्घाटन किया था।