कोलकाता । पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुःख व्यक्त किया है। रविवार को राज्य सूचना और संस्कृति विभाग की ओर से मुख्यमंत्री का शोक संदेश जारी किया गया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उन्होंने आज सुबह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अंतिम सांस ली है। उनकी उम्र 88 साल थी। वह वर्ष 2014 से 2019 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे। इसके अलावा बिहार, मिजोरम और मेघालय के राज्यपाल रह चुके थे। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष और मंत्री भी रह चुके थे। वह प्रकांड विद्वान भी थे जिन्होंने कई किताबें लिखी है। मेरे साथ उनका बेहद मधुर और आत्मीय संबंध था। उनके कार्यकाल को राज्य के लोग हमेशा याद रखेंगे। उनके निधन से राजनीति जगत को एक अपूरणीय क्षति हुई है। मैं उनके परिवार, परिजनों और अनुगामियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रही हूं।
उल्लेखनीय है कि आज सुबह पांच बजे प्रयागराज में केशरीनाथ त्रिपाठी ने अंतिम सांस ली है।
