आसनसोल के रामकृष्ण डंगाल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, निगम चुनाव को लेकर बड़ा दावा

आसनसोल। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 27 स्थित रामकृष्ण डंगाल में सोमवार को आयोजित महाशिव चर्चा एवं सम्मान समारोह में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। पूर्व भाजपा पार्षद चैताली तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक आयोजन के साथ आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं के तेवर भी नजर आए। समारोह में पांडवेश्वर के विधायक एवं पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी, भाजपा नेता ओम नारायण प्रसाद, दिलीप प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।सम्मान समारोह में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने विधानसभा चुनाव के दौरान रामकृष्ण डंगाल क्षेत्र से मिले समर्थन को याद किया। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान परिणामों में उतार-चढ़ाव के बावजूद उन्हें भरोसा था कि रामकृष्ण डंगाल की जनता भाजपा को निराश नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों का आशीर्वाद उनकी जीत का आधार रहा है।विधायक ने जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ लोगों ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और लोगों के बीच रहकर काम करने की बात कही। वही कार्यक्रम में विधायक जितेंद्र तिवारी ने आगामी आसनसोल नगर निगम चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में नगर निगम क्षेत्र की जनता को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ा है। अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी समय में आसनसोल नगर निगम के सभी वार्डों में भाजपा का परचम लहराएगा और निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा आम लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान महाशिव चर्चा का भी आयोजन किया गया। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की। क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। धार्मिक आयोजन के साथ हुए सम्मान समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह भी देखने को मिला। नेताओं के संबोधन में जहां विधानसभा चुनाव में मिले जनसमर्थन का उल्लेख हुआ, वहीं आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और दावों ने कार्यक्रम को राजनीतिक रंग भी दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *