
दुर्गापुर। राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के अवसर पर दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ की ओर से वार्ड संख्या-34 स्थित मुंशी प्रेमचंद शिशु शिक्षा केंद्र में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना तथा राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर की गई। इस दौरान विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी अमृत सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी गोविंद प्रसाद खंडेलवाल, दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ के महासचिव अजय कुमार चौबे, समाजसेवी विनोद यादव तथा संघ के शुभचिंतक मुन्ना सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसके महत्व तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों की जानकारी दी और उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी विनोद यादव ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रध्वज का सम्मान करने, देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ के पदाधिकारियों एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।
