
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल, पुलिसकर्मियों, सिविक वॉलंटियर और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
आसनसोल। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के याद मे बुधवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तत्वावधान तथा सालानपुर थाना के संचालन में रूपनारायणपुर स्थित नंदनिक प्रेक्षागृह में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आयोजकों ने इस शिविर के माध्यम से करीब 75 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया था। समाचार लिखे जाने तक 50 से अधिक रक्तदाता स्वेच्छा से रक्तदान कर चुके थे। रक्त संग्रह की जिम्मेदारी आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने संभाली। कार्यक्रम का शुभारंभ कुल्टी के एसीपी जावेद हुसैन तथा सालानपुर थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर-इन-चार्ज) विश्वजीत मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र और बैज प्रदान किए तथा समाजहित में उनके योगदान की सराहना की। शिविर में पुलिस अधिकारियों, सिविक वॉलंटियरों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। आयोजन के दौरान केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि उपस्थित लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी की गई, जिससे यह कार्यक्रम जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का भी महत्वपूर्ण माध्यम बना। इस अवसर पर रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी के प्रभारी सुमंगल सरकार, कल्याणेश्वरी पुलिस फाड़ी के प्रभारी पार्थ सरकार सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में ‘उज्जीवन’ रक्तदाता समिति के सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर रक्तदान अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सामाजिक सेवा की भावना देखने को मिली। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रहा है।
