आसनसोल में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, भक्ति के रंग में रंगी मंत्री अग्निमित्रा पाल श्रद्धालुओं संग भक्ति-नृत्य में हुईं शामिल

आसनसोल। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर आसनसोल में आस्था, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बर्नपुर के बारी मैदान से निकली भव्य रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। पूरे मार्ग पर “जय जगन्नाथ” और “हरि बोल” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रंग-बिरंगी झांकियों, भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं की अपार भीड़ ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल भी रथयात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ रथ के पीछे चलकर भगवान श्रीजगन्नाथ के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। इस दौरान मंत्री इस्कॉन शैली के संकीर्तन में शामिल होकर भक्ति-भाव से नृत्य करती नजर आईं। उनके साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा, बच्चे एवं बुजुर्ग भी संकीर्तन करते हुए रथयात्रा में शामिल हुए।
रथयात्रा के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सफलता केवल श्रद्धा और उत्साह से ही नहीं, बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के निर्वहन से भी जुड़ी होती है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ भारत के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।
इस वर्ष रथयात्रा का आयोजन अत्यंत भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से पेयजल, शरबत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति गीतों की मधुर स्वर-लहरियां वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर करती रहीं। आसनसोल एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु इस रथयात्रा में शामिल हुए। यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक सहभागिता का भी सशक्त उदाहरण बना। मंत्री अग्निमित्रा पाल की भक्तिमय सहभागिता और स्वच्छता के प्रति दिया गया संदेश श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा तथा पूरे आयोजन को यादगार बना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *