“शताक्षी महिला मंडल की पहल: कुनुस्तोड़िया में 21 जरूरतमंद घरेलू सहायिकाओं को वितरित की सहायक सामग्री”

जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन की सामाजिक संस्था ‘शताक्षी महिला मंडल’ समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था की अध्यक्षा श्रीमती किरण झा के नेतृत्व तथा उपाध्यक्षाओं श्रीमती जीरक आलम, श्रीमती अनुभा सिन्हा एवं श्रीमती गीता गिरीश नैय्यर के मार्गदर्शन में जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जामुड़िया क्षेत्र के कुनुस्तोड़िया स्थित टैगोर मेमोरियल हॉल में ‘शताक्षी महिला मंडल’ की कुनुस्तोड़िया शाखा की ओर से स्थानीय जरूरतमंद घरेलू सहायिकाओं के बीच सहायक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को दैनिक जीवन में उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें सहयोग प्रदान करना था। इस अवसर पर 21 घरेलू सहायिकाओं को मच्छरदानियां, छतरियां तथा अल्पाहार वितरित किए गए। संस्था की पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना शताक्षी महिला मंडल का प्रमुख उद्देश्य है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। सहायक सामग्री प्राप्त करने वाली महिलाओं ने ‘शताक्षी महिला मंडल’ के इस मानवीय प्रयास के लिए संस्था के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी उपयोगी साबित होती है। लाभुकों ने संस्था की अध्यक्षा एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए लोकहित और समाज सेवा के क्षेत्र में शताक्षी महिला मंडल के निरंतर सक्रिय रहने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सहयोग, संवेदना और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *