भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ से बंगाल में बदलाव संभव नहीं : शिवदासन दासु

असली परिवर्तन 15 साल पहले ममता बनर्जी ने किया, फिर वही मुख्यमंत्री बनेंगी

आसनसोल। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक ओर भारतीय जनता पार्टी राज्य में सत्ता परिवर्तन के उद्देश्य से ‘परिवर्तन यात्रा’ निकाल रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस के नेता लगातार इस अभियान पर सवाल उठा रहे हैं। इसी क्रम में टीएमसी के राज्य सचिव और आसनसोल के वरिष्ठ व प्रमुख नेता शिवदसान दासु ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। शिवदासन दासु ने कहा कि भाजपा द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन यात्रा से पश्चिम बंगाल में किसी भी तरह का बदलाव संभव नहीं है। उनका कहना है कि राज्य में असली परिवर्तन करीब 15 साल पहले हो चुका है, जब ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने सत्ता संभाली और राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। वही दासु ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी बाहर से लोगों को लाकर पश्चिम बंगाल की संस्कृति और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अपनी संस्कृति, परंपरा और भाईचारे को बहुत महत्व देती है और किसी भी सूरत में उसे नुकसान नहीं पहुंचने देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता चाहे जितनी भी यात्राएं निकाल लें, राज्य की जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है। जनता अच्छी तरह जानती है कि किसने राज्य के विकास के लिए काम किया है और किसने केवल राजनीति की है। टीएमसी नेता ने विश्वास जताते हुए कहा कि आगामी चुनाव में एक बार फिर “मां, माटी, मानुष” के नारे के साथ तृणमूल कांग्रेस ही सत्ता में लौटेगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता का भरोसा आज भी ममता बनर्जी पर कायम है और उनके नेतृत्व में ही बंगाल का विकास आगे बढ़ेगा। शिवदासन दासु ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार ने पिछले वर्षों में राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ आम लोगों तक पहुंचा है। यही कारण है कि जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट है और आने वाले समय में भी तृणमूल कांग्रेस को ही अपना समर्थन देगी। उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा केवल राजनीतिक दिखावा है, जबकि वास्तविकता यह है कि बंगाल की जनता विकास और शांति की राजनीति को ही पसंद करती है। इसलिए आगामी चुनाव में भी तृणमूल कांग्रेस की ही जीत होगी और ममता बनर्जी दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *