विक्टोरिया मेमोरियल को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद मची अफरा-तफरी

कोलकाता, 06 मार्च । कोलकाता के प्रसिद्ध पर्यटनस्थल विक्टोरिया मेमोरियल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि विक्टोरिया मेमोरियल प्राधिकरण को ईमेल के जरिए विस्फोट की धमकी दी गई। इसके बाद प्राधिकरण ने हेस्टिंग्स थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और लालबाजार से बम स्क्वॉड को मौके पर भेजा गया। फिलहाल पूरे परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह भी कोलकाता और राज्य के कई जिलों में बम विस्फोट की धमकी वाले ई-मेल भेजे गए थे। इन ई-मेल के कारण कोलकाता के सिटी सिविल कोर्ट और रूबी इलाके के पास स्थित पासपोर्ट कार्यालय में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। मामले की जांच कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को सौंपी गई थी, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। ई-मेल किस स्थान से भेजे जा रहे हैं, यह भी अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पिछले कुछ दिनों में कोलकाता के साथ-साथ राज्य के कई जिलों में भी इस तरह के धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। खासकर पोस्ट ऑफिस परिसरों में स्थित पासपोर्ट कार्यालयों को निशाना बनाया गया है। अधिकांश ईमेल में दावा किया गया है कि कार्यालय परिसर में बम रखा गया है और आरडीएक्स विस्फोट के जरिए पूरे क्षेत्र को उड़ा दिया जाएगा। हालांकि अब तक की जांच में सभी धमकियां फर्जी साबित हुई हैं। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी जोखिम से बचने के लिए हर सूचना को गंभीरता से ले रही हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत इलाके को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
विक्टोरिया मेमोरियल कोलकाता के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग संग्रहालय देखने पहुंचते हैं। यहां विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में आते हैं। ऐसे में इस ऐतिहासिक स्थल को लेकर आई बम की धमकी से पूरे शहर में चिंता का माहौल बन गया है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में गुजरात में भी इसी तरह की बम धमकी से जुड़े कई मामले सामने आए थे। उस मामले में गुजरात पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गोपालनगर निवासी सौरव विश्वास नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। कोलकाता पुलिस की एसटीएफ को उम्मीद थी कि उससे पूछताछ के जरिए इस तरह की धमकियों के नेटवर्क का पता चल सकता है। इसी बीच एक बार फिर कोलकाता में धमकी भरा ई-मेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *