आसनसोल में भाजपा की परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा का जोरदार स्वागत, अग्निमित्रा पाल का आरोप – परिवर्तन की आहट से डरी तृणमूल, इसलिए हो रहे हमले

आसनसोल। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा का आगमन आसनसोल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में हुआ। इस दौरान आसनसोल दक्षिण विधानसभा, आसनसोल उत्तर विधानसभा के साथ-साथ कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में भी इस यात्रा का स्वागत किया गया और भाजपा की ओर से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए। यात्रा के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य की मौजूदा सरकार पर जमकर निशाना साधा और आगामी चुनाव में सत्ता परिवर्तन का दावा किया। वही इस मौके पर विशेष रूप से आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल और कुल्टी विधानसभा के विधायक अजय पोद्दार उपस्थित रहे। इनके अलावा भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता और स्थानीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान एक और महत्वपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई लोगों ने भाजपा की इस परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा के मौके पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राज्य में लगातार बढ़ते जनसमर्थन के कारण बड़ी संख्या में लोग अन्य दलों को छोड़कर भाजपा से जुड़ रहे हैं। इस दौरान विधायक अग्निमित्रा पाल ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में परिवर्तन की आहट से सत्तारूढ़ दल पूरी तरह घबराया हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी डर की वजह से भाजपा की परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा पर कई जगहों पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह यात्रा राज्य के कोने-कोने तक पहुंचकर लोगों को परिवर्तन का संदेश दे रही है और जनता भी इसे भरपूर समर्थन दे रही है। इसके साथ ही विधायक अग्निमित्रा पाल ने एसआईआर के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जिसे लोग अब समझने लगे हैं। वहीं हाल ही में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के इस्तीफे को लेकर भी अग्निमित्रा पाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा की परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा का उद्देश्य राज्य में सुशासन, विकास और पारदर्शी प्रशासन स्थापित करना है। आने वाले समय में बंगाल की जनता परिवर्तन के पक्ष में अपना निर्णय देगी और राज्य में एक नई राजनीतिक दिशा देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *