
रानीगंज। रानीगंज के प्रख्यात चिकित्सक एवं पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. विजन मुखर्जी ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में डॉ. विजन मुखर्जी रानीगंज विधानसभा के अंतर्गत हरीशपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और मतदान में भाग लेने की अपील की।
गौरतलब है कि हरीशपुर वही गांव है, जहां 2021 के विधानसभा चुनाव में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मतदान का बहिष्कार किया था। ग्रामीणों का आरोप था कि उनका गांव भू-धंसान (जमीन धंसने) से प्रभावित है और यहां कई बार जमीन धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। इस कारण गांव के लोग लगातार भय के साए में जी रहे हैं। उनका कहना है कि किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन से पुनर्वास की मांग की, लेकिन उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए। प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में ही गांव के लोगों ने 2021 के चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया था।
अब जबकि एक बार फिर विधानसभा चुनाव नजदीक है, डॉ. विजन मुखर्जी हरीशपुर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बैठक कर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनाव का बहिष्कार किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। लोकतंत्र में अपनी आवाज बुलंद करने का सबसे प्रभावी माध्यम मतदान है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और राज्य में पिछले 15 वर्षों से चल रही सरकार को बदलने के लिए मतदान करें।
डॉ. मुखर्जी ने कहा कि वर्तमान में भाजपा के पास राज्य में प्रशासनिक शक्ति नहीं है, जिस कारण वे चाहकर भी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो हरीशपुर के भू-धंसान प्रभावित लोगों के पुनर्वास की मांग पर गंभीरता और प्राथमिकता के साथ विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “मैं आज यहां आकर लोगों की स्थिति को करीब से देखा और उनकी पीड़ा को समझा। उनकी समस्याएं वास्तविक हैं और चिंता का विषय हैं। लेकिन मतदान से दूरी बनाकर हम समाधान की राह बंद कर देते हैं। हमें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेना होगा।”
ग्रामीणों ने भी डॉ. मुखर्जी की बातों पर सहमति जताई और कहा कि इस बार वे चुनाव में हिस्सा लेने पर विचार करेंगे। कुछ ग्रामीणों ने परिवर्तन के समर्थन में मतदान करने की बात भी कही।
डॉ. विजन मुखर्जी ने अंत में कहा कि हरीशपुर के लोग रोज भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार बनने के बाद उनके पुनर्वास और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि गांव के लोग सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सके।
