
कोलकाता, 17 फ़रवरी । साल्टलेक स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि पार्टी द्वारा पूरे पश्चिम बंगाल में 10 हजार शक्ति केंद्रों पर पथसभा आयोजित करने का जो लक्ष्य तय किया गया था, उसमें अब तक आठ हजार 745 पथसभाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि यह राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान पांच दिसंबर 2025 को शुरू हुआ था और 31 जनवरी 2026 तक चला। इस दौरान प्रशासनिक कारणों से पांच दिनों तक कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। साथ ही कुछ क्षेत्रों में केंद्रीय नेताओं के दौरे और विधानसभा स्तर पर आयोजित “परिवर्तन संकल्प सभा” के कारण निर्धारित पथसभाएं आयोजित नहीं हो सकीं।
राहुल सिन्हा ने कहा कि इन बाधाओं के बावजूद अभियान के माध्यम से राज्य के लगभग प्रत्येक शक्ति केंद्र पर संगठन की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जो पार्टी की संगठनात्मक मजबूती को दर्शाता है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस व्यापक कार्यक्रम के संचालन के लिए 12 सदस्यीय एक विशेष दल का गठन किया गया था, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष अमिताभ राय सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के इतिहास में पहली बार इस तरह का शक्ति केंद्र आधारित व्यापक पथसभा कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्रेस वार्ता के अंत में राहुल सिन्हा ने इस अभियान की सफलता के लिए राज्यभर के भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे जनसंपर्क कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
