
रानीगंज। भाजपा नेत्री सह विधायक अग्निमित्रा पाल के नेतृत्व में मंगलवार को भाजपा द्वारा आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के न्यू एगारा इलाके में एक विशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस पूरे एगारा क्षेत्र की परिक्रमा करते हुए विभिन्न पाड़ा (मोहल्लों) से गुजरा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जुलूस के चारों ओर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
ज्ञात हो कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अग्निमित्रा पाल अपने क्षेत्र में ‘पाड़ा पाड़ा दीदी भाई’ नामक जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के तहत बीते दिनों निमचा और न्यू एगारा इलाके में उनके कार्यक्रम के दौरान कथित तृणमूल समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान ‘गो बैक’, ‘भाजपा हाय हाय’ और ‘नरेंद्र मोदी हाय हाय’ जैसे नारे लगाए गए थे, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
इससे पहले निमचा इलाके में भी विरोध के बाद अग्निमित्रा पाल ने एक बड़ा जुलूस निकालकर स्थानीय तृणमूल नेताओं और पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला था। ठीक उसी तर्ज पर मंगलवार को न्यू एगारा में भी भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए विशाल जुलूस निकाला और तृणमूल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जुलूस के पश्चात संवाददाताओं से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पिछले सप्ताह जब वे यहां जनसंपर्क अभियान चला रही थीं, तब तृणमूल के कुछ “गुंडों” ने कार्यक्रम में बाधा डाली और उन्हें अपमानित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह के दबाव से डरने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा, “जहां आप लोग बाधा देंगे, हम लोग पलटा जवाब देंगे। तृणमूल धमकी और गाली देकर भाजपा को दबा नहीं सकती। पश्चिम बंगाल की जनता भाजपा के साथ है और हमारे कार्यकर्ता भी पूरी तरह तैयार हैं।”

राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यह राज्य स्वामी विवेकानंद और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसे महापुरुषों की धरती है, लेकिन यहां वोट की राजनीति के लिए युवाओं को वर्षों तक प्रतीक्षा कराकर मामूली भत्ता दिया जा रहा है, जबकि रोजगार नहीं मिल रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि 15 वर्षों से राज्य में रोजगार सृजन के बजाय सिर्फ वादे किए गए हैं। महिलाओं को भी वोट बैंक की राजनीति के तहत 1000 से 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर ‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत 3000 रुपये दिए जाएंगे और महिलाओं को मुद्रा लोन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता के नाम पर “भीख” न लेनी पड़े, बल्कि वे स्वयं अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

उद्योगों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य से टाटा जैसे बड़े उद्योग समूहों के चले जाने के बाद निवेशकों का भरोसा डगमगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण उद्योगपति बंगाल में निवेश करने से हिचक रहे हैं। भाजपा की सरकार बनने पर नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
जुलूस के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और जोश देखने को मिला। कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और बैनर के साथ पूरे मार्ग में नारेबाजी करते रहे तथा नेतृत्व के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन करते नजर आए।
वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और शक्ति प्रदर्शन का दौर तेज हो गया है, जिससे चुनावी मुकाबला और अधिक तीखा होने के संकेत मिल रहे हैं। क्षेत्र में जिस तरह से विरोध और जवाबी प्रदर्शन की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और भी तेज हो सकती
