
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मी लगातार दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे, जिससे नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। शहर के कई इलाकों में जगह-जगह कचरे के ढेर जमा हो गए हैं। नियमित सफाई नहीं होने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरे दिन भी सफाई कर्मियों ने आसनसोल नगर निगम के सामने धरना-प्रदर्शन जारी रखा और उनकी हड़ताल लगातार बनी रही।
इस बीच, आसनसोल नगर निगम की विपक्षी नेता चैताली तिवारी ने सफाई कर्मियों की मांगों को जायज ठहराया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी अपनी उचित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
वहीं, राज्य भाजपा नेता कृष्णदु मुखर्जी ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आसनसोल नगर निगम का संचालन तृणमूल कांग्रेस सही तरीके से नहीं कर पा रही है, जिसके कारण सफाई कर्मियों को हड़ताल पर जाना पड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सफाई कर्मियों को उनका भुगतान क्यों नहीं किया जा रहा है और कहा कि तृणमूल कांग्रेस बोर्ड को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कचरा जमा होने से आम लोग परेशान हैं। स्थिति को देखते हुए अब आम जनता भी सफाई कर्मियों के समर्थन में उतरती दिखाई दे रही है। इधर, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों और मेयर परिषद के बोरो चेयरमैनों के साथ बैठक की। मेयर ने मामले का जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
