
कोलकाता। टालीगंज विधानसभा के अंतर्गत 98 नंबर वार्ड में वर्षों से पीने के पानी की समस्या बनी हुई थी और घर तक पानी पहुंचाने की पूरी व्यवस्था नहीं थी। टालीगंज विधानसभा के विधायक और राज्य के विद्युत मंत्री अरूप विश्वास के प्रयासों से और इस वार्ड के कमिश्नर अरूप चक्रवर्ती द्वारा लगातार इसके समाधान की मांग करने पर पिछले साल ही दो जलाधार एक 14 लाख गैलन और दूसरा 22 लाख गैलन की क्षमता वाला संहति कॉलोनी और सुभाष पल्ली में लगाने का नींव पत्थर रखा गया था जो एक वर्ष में ही बनकर तैयार हो गया। इसका विधिवत उद्घाटन करने पहुंचे कोलकाता नगर निगम के मेयर फ़िरहाद हकीम, जिन्होंने अपने वक्तव्य में बताया कि टालीगंज के सर्वांगीण विकास के लिए कुल 880 करोड़ रुपए की राशि आबंटित की गई है और लगातार यहां के विधायक अरुप विश्वास पूरे समर्पण के साथ लगे हुए हैं।
इस मौके पर इलाके की वाशिंदा वयोवृद्ध अर्चना भट्टाचार्य खासतौर से व्हील चेयर पर उपस्थित हुईं,जो कभी कोलकाता कॉरपोरेशन में जल विभाग की सर्वे-सर्वा थीं। श्री अरुप विश्वास ने अपने वक्तव्य में कहा कि जहां उन्नयन का काम होता है वहां कोई राजनीतिक रंग नहीं देखा जाता और उन्होंने अर्चना भट्टाचार्य से आशीर्वाद भी लिया।
इस मौके पर इसी वार्ड के वाशिंदा वरिष्ठ पत्रकार रावेल पुष्प ने इलाके के विकास की चर्चा करते हुए ये भी कहा कि किस तरह बांसद्रोणी सुपर मार्केट जहां जाने पर पिछले तीन दशकों से भयानक दुर्गंध के कारण नाक पर रूमाल रखना पड़ता था, वहीं उसका ऐसा काया-कल्प कर दिया गया है कि अब लोग सारा दिन वहां सेल्फ़ी लेते रहते हैं।
श्री जुगल साहा के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में सांसद सायनी घोष, मिताली बनर्जी,जूही विश्वास सहित कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित थे।
