विक्टोरिया मेमोरियल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बोले अमित शाह : दुर्गा पूजा नारी शक्ति की अराधना का प्रतीक

 

कोलकाता । शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में अपने दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की है। दुर्गा पूजा को विश्व धरोहर की सूची में यूनेस्को द्वारा शामिल किए जाने को लेकर आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। यहां मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधन करते हुए अमित शाह ने कहा कि दुर्गा पूजा नारी सशक्तिकरण का प्रारूप है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराओं में महिलाओं का सम्मान आदिकाल से होता रहा है इसलिए लिखा गया है यत्र नारी पूज्यंते रमंते तत्र देवता: ।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, “महिला सशक्तिकरण को लेकर हमारे शास्त्रों में लिखा है कि खुशी, समृद्धि, और देवत्व वहीं रहते हैं, जहां महिलाओं की पूजा की जाती। ‘दुर्गा पूजा’ महिलाओं की शक्ति के लिए एक प्रार्थना है।
महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए अमित शाह ने कहा कि हमारी परंपराएं हमेशा ही अपनी मां बहनों का सम्मान करना सिखाती रही हैं। यही हमारी सांस्कृतिक पहचान रही है। कार्यक्रम में शाह के साथ राज्यपाल जगदीप धनखड़ भी उपस्थित थे। खास बात यह है कि पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा पूरे विश्व में प्रसिद्ध है और राज्य सरकार तथा केंद्र द्वारा संयुक्त पत्र मिलने के बाद ही यूनेस्को ने दुर्गा पूजा को विश्व धरोहर की सूची में शामिल किया है। इस खास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आमंत्रित नहीं किया गया था जिसे लेकर सवाल खड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *