जामुड़िया में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ महावीर अखाड़ा, मां दुर्गा को दी गई भावपूर्ण विदाई

विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने विभिन्न अखाड़ा समितियों के बीच पहुंचकर बढ़ाया उत्साह, पगड़ी पहनाकर किया गया सम्मानित; सुरक्षा के लिए ड्रोन से निगरानी

जामुड़िया। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही बुधवार की संध्या जामुड़िया बाजार में महावीर अखाड़ा का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई देने के लिए विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के सदस्यों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान अखाड़ा में शामिल कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला, शारीरिक कौशल और आकर्षक करतबों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। जामुड़िया बाजार में आयोजित इस कार्यक्रम में एबी पिट सार्वजनिक महावीर अखाड़ा, श्रीश्री दुर्गा सेवा समिति तथा 11 नंबर काली मंदिर सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति सहित विभिन्न पूजा एवं अखाड़ा समितियों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की कामना की। जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी भी विभिन्न अखाड़ा समितियों के बीच पहुंचे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान अखाड़ा समितियों की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एबी पिट सार्वजनिक महावीर अखाड़ा की ओर से विधायक के स्वागत में हिरालाल पासवान, नगीना पासवान, मुन्ना पासवान, सौरन चौधरी, सनी सिंह, जगबहादुर पासवान, अजय राजवंशी, देवेंद्र पासवान और विशाल सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं, तीन नंबर पंप हाउस अखाड़ा समिति की ओर से भी विधायक का स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों महेश सिंह, महेश मागोतिया, सुब्रतो घोषाल, विकास यादव और रोहन राम रजक सहित अन्य लोगों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, संजय सिंह, दीप बनर्जी और निरंजन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। श्रीश्री दुर्गा सेवा समिति की ओर से भी विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक ने केवल आयोजन में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह ही नहीं बढ़ाया, बल्कि अखाड़े के मैदान में उतरकर स्वयं भी अखाड़ा खेला। उनके इस अंदाज ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। समिति के सचिव पवन मावड़िया और राहुल अग्रवाल सहित अन्य सदस्य इस दौरान मौजूद रहे। विधायक की भागीदारी से अखाड़ा समितियों के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन में पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति को बनाए रखने और नई पीढ़ी तक इसकी विरासत पहुंचाने का संदेश भी दिखाई दिया। महावीर अखाड़ा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मौके पर जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर, मानस दास, जामुड़िया ट्रैफिक थाना प्रभारी सुकांत दास और संजीव सामंतो सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।इस प्रकार, मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन और महावीर अखाड़ा के आयोजन के साथ जामुड़िया बाजार में धार्मिक आस्था, पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन और सामाजिक सहभागिता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और समितियों के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *