
हावड़ा । गंगा किनारे सेठ बंशीधर जालान स्मृति नया मन्दिर के प्रांगण में भागवताचार्य स्वामी त्रिभुवनपुरी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ 20 से 26 सितम्बर तक आयोजित है ।

साँवरिया सत्संग परिवार एवं श्री श्याम परिवार (हावड़ा) सुखी संसार के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर भागवताचार्य स्वामी त्रिभुवन पुरी महाराज ने कहा कि भक्त जब ईश्वर का स्मरण करता है तब भगवान की कृपा होती है । सम्पत्ति – विपत्ति का विवेचन करते हुए उन्होंने कहा जीवन में अनमोल संपत्ति भगवान का स्मरण करना एवं विपत्ति भगवान को भूल जाना है । तीर्थस्थान का भ्रमण, सत्संग मोक्ष का मार्ग है ।

स्वामी त्रिभुवन पुरी महाराज ने कहा मनुष्य के जीवन में कर्म की प्रधानता है । उन्होंने श्रद्धालु भक्तों को अपने व्यक्तित्व, कृतित्व को प्रेरक बनाने के लिये मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में धर्म के अनुकूल आचरण, सामाजिक बंधुत्व सद्भावना एवं नैतिक कर्तव्य का पालन करना जरूरी है । विजय सिंह, संदीप पोद्दार, अनिल जालान, राजेश डालमिया, मनोज अग्रवाल, दिलीप कानोड़िया एवं कार्यकर्ता सक्रिय हैं ।
