
जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोड़िया एरिया स्थित टैगोर मेमोरियल हॉल में भूमिगत खदानों में वाइंडर के सुरक्षित संचालन एवं रखरखाव को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस), पूर्वी क्षेत्र, सीतारामपुर के तत्वावधान में आयोजित इस तकनीकी कार्यशाला की मेजबानी ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र ने की। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य भूमिगत खदानों में वाइंडर के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करना तथा अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों को नवीन तकनीकी जानकारी से अवगत कराना था। खदानों में वाइंडर का उपयोग कर्मियों और सामग्री के सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ खनन कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में इसके सुरक्षित संचालन, नियमित रखरखाव और तकनीकी मानकों के पालन को लेकर कार्यशाला में विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में खान सुरक्षा उपमहानिदेशक (खनन) सुप्रियो चक्रवर्ती, ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा, निदेशक (वित्त) मो. अंजार आलम तथा निदेशक (तकनीकी-संचालन) चित्तरंजन कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा ईसीएल, डीजीएमएस, सीएसआईआर-सीआईएमएफआर तथा मेसर्स माहेश्वरी, माइनटेक और उषा मार्टिन के विशेषज्ञों ने कार्यशाला में भाग लेकर विभिन्न तकनीकी विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने वाइंडर के सुरक्षित संचालन, रखरखाव, तकनीकी जांच, सुरक्षा उपायों तथा कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। इस दौरान भूमिगत खदानों में वाइंडिंग व्यवस्था से जुड़े संभावित जोखिमों की पहचान, सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर भी चर्चा हुई। कार्यशाला में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्य और खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में ऐसे तकनीकी आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में निदेशक (वित्त) मो. अंजार आलम ने समापन वक्तव्य दिया।कार्यशाला से केंदा, सतग्राम-श्रीपुर, बंकोला, झांझरा, काजोड़ा और सोदपुर क्षेत्रों के महाप्रबंधकों के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी, क्षेत्रीय अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिकी), कोलियरी अभियंता तथा मैकेनिकल फोरमैन लाभान्वित हुए। प्रतिभागियों ने कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों द्वारा दी गई तकनीकी जानकारी को खनन कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दृष्टि से उपयोगी बताया। कार्यशाला के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए ईसीएल के उच्च प्रबंधन की ओर से कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा के नेतृत्व में कार्य कर रही पूरी टीम की सराहना की गई। उत्कृष्ट आयोजन के लिए टीम के प्रत्येक सदस्य के योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें साधुवाद दिया गया।
