कोलकाता नगर निगम का वार्ड पुनर्विन्यास: अंतिम मसौदा जारी, आपत्तियाँ 3 सितंबर तक मांगी गईं

कोलकाता, 25 अगस्त। कोलकाता नगर निगम के नए वार्ड पुनर्विन्यास का अंतिम मसौदा राज्य के नगर विकास विभाग ने जारी कर दिया है। प्रस्तावित नए वार्डों की सीमा को लेकर आम नागरिकों, संबंधित लोगों और राजनीतिक दलों को अपनी आपत्ति, राय और सुझाव देने का अवसर दिया गया है। इसके लिए तीन सितंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में किए गए संशोधन के बाद कोलकाता नगर निगम में वार्डों की संख्या 144 से बढ़कर 209 हो गई है। विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, नए वार्डों की सीमाओं और संरचना से संबंधित आपत्ति या सुझाव 22 अगस्त से तीन सितंबर तक कार्यालय समय में नगर निगम आयुक्त के पास जमा किए जा सकते हैं। वार्ड पुनर्विन्यास को लेकर मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे कोलकाता नगर निगम में सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई है। नगर निगम प्रशासक एवं आयुक्त स्मिता पांडे की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में राजनीतिक दलों से नए मसौदे पर राय ली जाएगी। वार्डों की सीमा को लेकर उठने वाले विभिन्न सवालों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
मिली जानकारी के अनुसार, जारी दस्तावेज में अलग-अलग वार्डों की उत्तर व दक्षिण, पूर्व और पश्चिम सीमाओं का विस्तृत उल्लेख किया गया है। सीमाएं मुख्य रूप से सड़कों, नहरों, रेलवे लाइन, नदी और अन्य भौगोलिक सीमाओं के आधार पर निर्धारित की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की ओर से पहले ही सात दिसंबर तक कोलकाता नगर निगम की जिम्मेदारी निर्वाचित नगर बोर्ड को सौंपने की बात कही गई थी। ऐसे में वार्ड पुनर्विन्यास के मसौदे को नगर निगम चुनाव की तैयारी में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पहले जुलाई में वार्ड पुनर्विन्यास का मसौदा जारी होने की संभावना थी, लेकिन कानून में संशोधन और प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण इसमें देरी हुई। अगस्त के अंतिम सप्ताह में मसौदा जारी होने के बाद नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, नागरिकों और राजनीतिक दलों से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की जांच के बाद आवश्यकता पड़ने पर मसौदे में बदलाव किया जा सकता है। इसके बाद वार्ड पुनर्विन्यास का अंतिम स्वरूप तय होगा और चुनाव से जुड़ी आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कालीघाट तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस, माकपा और वाम मोर्चे के घटक दल आरएसपी की ओर से वार्ड पुनर्विन्यास को लेकर अपने सुझाव नगर निगम को दिए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *