पांसकुड़ा एसएसएच में अवैध रक्त विक्रय: तीन लैब टेक्नीशियन एसीबी ने गिरफ्तार

पांसकुड़ा (पूर्व मेदिनीपुर), 25 अगस्त । पांसकुड़ा एसएसएच के तीन लैब टेक्नीशियनों को मंगलवार को एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले मरीजों और उनके परिजनों को कथित तौर पर अवैध तरीके से रक्त विक्रय करने के आरोप में एक दलाल को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान दलाल और कुछ अन्य दलालों के तीनों लैब टेक्नीशियनों के साथ कथित सांठगांठ का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि उक्त दलाल और उसके साथ जुड़े अन्य दलालों ने ब्लड बैंक से रक्त हासिल किया था। इसके बदले अपेक्षाकृत कम समय में तीनों लैब टेक्नीशियनों को यूपीआई के माध्यम से करीब 1.40 लाख रुपये का भुगतान किए जाने की जानकारी मिली है।

जांच में यह भी पता चला कि दलाल विभिन्न क्लबों और संस्थाओं द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों से ब्लड डोनर कार्ड खरीदते थे। कथित तौर पर प्रत्येक कार्ड के लिए करीब 100 से 150 रुपये का भुगतान किया जाता था। इन डोनर कार्डों का इस्तेमाल कर दलाल ब्लड बैंक से बिना किसी शुल्क के रक्त हासिल कर लेते थे।

इसके बाद यही रक्त मरीजों और उनके परिजनों को बेच दिया जाता था। मरीजों और उनके परिजनों से वसूली गई रकम को दलालों और लैब टेक्नीशियनों के बीच बांटा जाता था।

मामले की जांच के दौरान सामने आए इन तथ्यों के आधार पर एसीबी ने पांसकुड़ा एसएसएच के तीन लैब टेक्नीशियनों को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले में अस्पताल के कर्मचारियों के साथ दलालों की सांठगांठ की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *