
आसनसोल। आम लोगों को बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में मनमानी बढ़ोतरी पर रोक लगाने के लिए पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन ने मंगलवार को आसनसोल के प्रमुख बाजारों में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी एस. पोन्नम्बलम के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में आसनसोल नगर निगम के आयुक्त दिलीप मिश्रा, पुलिस डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास सहित कृषि विपणन एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
अधिकारियों की टीम ने विभिन्न दुकानों और बाजारों का जायजा लेते हुए चावल, चीनी, प्याज समेत अन्य जरूरी खाद्य सामग्री की कीमतों की जांच की। इसके साथ ही थोक और खुदरा दरों में अंतर, स्टॉक की स्थिति तथा तौल-माप की व्यवस्था को भी परखा गया।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी वस्तु की कीमत बिना उचित कारण बढ़ाने, जमाखोरी करने या उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक वसूली करने की स्थिति में संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने व्यापारियों से पारदर्शी तरीके से कारोबार करने और आम उपभोक्ताओं के हितों का ध्यान रखने की अपील की।

जिले में बाजारों की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर कुल चार विशेष टास्क फोर्स गठित की गई हैं। इनमें दो टीमें नगर निगम क्षेत्रों में तथा दो टीमें एसडीओ की देखरेख में काम करेंगी।
प्रशासन की इन टीमों द्वारा जिले के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण और निगरानी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, कीमतों और बाजार व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि मुनाफाखोरी और जमाखोरी पर प्रभावी अंकुश लगे तथा आम जनता को उचित दर पर जरूरी सामान उपलब्ध हो सके।
