आसनसोल:गरीब परिवार के लिए बनी राहत, विधायक के पहल से अस्पताल ने माफ किया ₹28 हजार का बिल,परिजनों को सौंपा शव

आसनसोल। आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार को उस समय बड़ी राहत मिली, जब आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेदु मुख़र्जी के पहल के बाद एक निजी अस्पताल प्रबंधन ने 28 हजार रुपये का बकाया चिकित्सा बिल माफ कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया। इस मानवीय पहल की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या-47 निवासी 24 वर्षीय सुमन हाड़ी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें मंगलवार शाम लगभग सात बजे आसनसोल स्थित एचएलजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद देर रात करीब दो बजे उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के अनुसार, उपचार के बाद अस्पताल प्रबंधन ने 28 हजार रुपये का बकाया बिल जमा करने के लिए कहा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इतनी बड़ी राशि तत्काल जमा करने में असमर्थ था। आरोप है कि बिल का भुगतान न होने के कारण शव परिजनों को सौंपे जाने में विलंब हो रहा था, जिससे अस्पताल परिसर में भावुक माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड संख्या-47 के भाजपा संयोजक अजय यादव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन से मानवीय आधार पर बकाया राशि माफ करने का अनुरोध किया। हालांकि प्रारंभिक बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद अजय यादव ने आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी को पूरे मामले से अवगत कराया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 28 हजार रुपये का पूरा बकाया बिल माफ कर दिया। इसके उपरांत मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली। इस दौरान अजय यादव एवं उनके सहयोगी पूरे समय शोकाकुल परिवार के साथ मौजूद रहे और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। घटना के बाद वार्ड संख्या-47 तथा स्वीपर कॉलोनी के स्थानीय निवासियों ने विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, अजय यादव तथा अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि कठिन समय में मिली यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई। इस मानवीय पहल ने यह संदेश दिया कि संकट की घड़ी में संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ किए गए प्रयास किसी जरूरतमंद परिवार के लिए संबल बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *