“आसनसोल मे 58वीं राज्य स्तरीय निशानेबाजी चैंपियनशिप की तैयारियां पूरी”

आसनसोल। आसनसोल राइफल क्लब की मेजबानी में आयोजित होने वाली 58वीं पश्चिम बंगाल राज्य निशानेबाजी चैंपियनशिप-2026 (राइफल एवं पिस्टल) की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को आसनसोल राइफल क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें आयोजन से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। संवाददाता सम्मेलन में पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ढल सहित आसनसोल राइफल क्लब के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस दौरान बताया गया कि राज्य स्तरीय यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 3 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता का आयोजन पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जबकि इसकी मेजबानी का दायित्व आसनसोल राइफल क्लब निभाएगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में निशानेबाज भाग लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान राइफल और पिस्टल दोनों वर्गों की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास, सुरक्षा, तकनीकी व्यवस्था तथा प्रतियोगिता संचालन के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता का आयोजन सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप से राज्य के प्रतिभाशाली निशानेबाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही इस आयोजन से आसनसोल की खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *