शहरी यातायात सुधार को लेकर नबान्न में उच्चस्तरीय बैठक, अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी आधारभूत संरचना
कोलकाता, 31 जुलाई । पश्चिम बंगाल सरकार ने महानगर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए दो बड़ी आधारभूत परियोजनाओं पर काम शुरू करने के संकेत दिए हैं।
इनमें ईएम बाइपास पर न्यू टाउन-राजारहाट की ओर बेहतर संपर्क के लिए नया फ्लाईओवर तथा रूबी और डलहौजी चौराहों पर स्काईवॉक का निर्माण शामिल है। शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने शुक्रवार को नबान्न में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी।
बैठक में कोलकाता पुलिस, हावड़ा सिटी पुलिस, बिधाननगर सिटी पुलिस, कोलकाता, हावड़ा और बिधाननगर नगर निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
मंत्री ने बताया कि शहर में यातायात का दबाव कम करने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि रूबी और डलहौजी में स्काईवॉक बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही मां फ्लाईओवर के आगे ईएम बाइपास पर एक नया फ्लाईओवर बनाने की संभावना भी परखी जा रही है, जिससे कोलकाता और न्यू टाउन-राजारहाट के बीच संपर्क और मजबूत हो सके।
