टुलु मंडल के करीबी पूर्व पंचायत समिति सभानेत्री शम्पा महारा के घर पुलिस की छापेमारी

बीरभूम, 31 जुलाई । मोहम्मदबाजार के विवादित तृणमूल नेता टुलु मंडल के करीबी मानी जाने वाली मोहम्मदबाजार पंचायत समिति की पूर्व सभानेत्री शम्पा महारा के घर शुक्रवार को जिला पुलिस ने छापेमारी की।

पुलिस ने मोहम्मदबाजार के कुलिया गांव स्थित उनके ससुराल और खड़िया गांव स्थित मायके में तलाशी अभियान चलाया।

शम्पा महारा को इलाके में टुलु मंडल की बेहद करीबी समर्थक के रूप में जाना जाता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी है। सूत्रों के मुताबिक, टुलु मंडल के खिलाफ पहले से कई गंभीर आरोप हैं। पहले से करीब सात मामले दर्ज हैं।

गुरुवार को भी पुलिस ने टुलु मंडल के सिउड़ी स्थित घर पर छापा मारा था, लेकिन वह वहां नहीं मिले। उनके खिलाफ पहले ही लुकआउट नोटिस जारी किया जा चुका है और उनके घर को सील कर दिया गया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि टुलु मंडल विदेश फरार हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले न्यूटाउन में पांच करोड़ रुपये की बरामदगी के मामले में भी उनका नाम सामने आया था। वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था और लगभग एक महीने तक न्यायिक हिरासत में रहना पड़ा था। उनकी पत्नी और बेटी के नाम पर कई कंपनियां खोलने के आरोपों की भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच कर चुका है। टुलु मंडल के खिलाफ बीरभूम में उनके कथित सिंडिकेट नेटवर्क को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *