
जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सातग्राम-श्रीपुर एरिया अंतर्गत जेके नगर कोलियरी के एक कर्मी की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद कोलियरी में श्रमिकों का जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन हुआ। मृतक के आश्रित को अनुकंपा के आधार पर तत्काल नौकरी और ऑन-ड्यूटी डेथ बेनिफिट देने की मांग को लेकर विभिन्न श्रमिक संगठनों ने संयुक्त रूप से काम बंद कर प्रदर्शन किया जिस कारण घंटो तक कोलियरी का उत्पादन पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में सहमति बनने के बाद मृतक की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार, जेके नगर कोलियरी में स्प्रे मजदूर के पद पर कार्यरत सुबल माझी (46) बुधवार को प्रथम पाली की ड्यूटी समाप्त कर अपने जामुड़िया के बिजपुर स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सातग्राम फाटक मोड़ के समीप स्थित सातग्राम सेंट्रल डिपो के पास सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही जेके नगर कोलियरी के श्रमिकों और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारी कोलियरी परिसर मे पहुंचे। उन्होंने प्रबंधन से मांग की कि चूंकि दुर्घटना ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय हुई है, इसलिए इसे ऑन-ड्यूटी डेथ मानते हुए ईसीएल के नियमों के अनुसार मृतक के परिवार को सभी लाभ दिए जाएं तथा उनकी आश्रित पत्नी को तत्काल अनुकंपा के आधार पर नौकरी प्रदान की जाए।श्रमिक नेताओं का आरोप था कि प्रारंभिक स्तर पर प्रबंधन इस मांग पर स्पष्ट निर्णय नहीं ले रहा था। इसके विरोध में सभी यूनियनों ने संयुक्त रूप से कार्य बंद कर कोलियरी परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलन के कारण कई घंटो तक कोलियरी का उत्पादन पूरी तरह ठप रहा। स्थिति को देखते हुए सातग्राम-श्रीपुर एरिया के एरिया प्रबंधक (एचआर) गौरव मित्तल जेके नगर कोलियरी पहुंचे। उन्होंने कोलियरी के प्रबंधक (एचआर) योगेश चौकीकर, प्रबंधक गोविंद साव तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ लंबी बैठक की। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के विनोद कुमार सिंह, भैरव चटर्जी, गरीब पासवान, रंजीत झा, सीटू के वशिष्ठ दुसाध, अभिजीत घोष, आईएनटीटीयूसी के गौतम सिंह, इंटक के केशव मुखर्जी, बिधान चंद्र राय तथा अर्घ दास सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक के दौरान यूनियन नेताओं ने पूर्व में इसी प्रकार की घटनाओं में दिए गए लाभों से संबंधित दस्तावेज भी प्रबंधन के समक्ष प्रस्तुत किए और कहा कि ईसीएल के प्रावधानों के अनुसार ड्यूटी पर आने या ड्यूटी से घर लौटने के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति और अन्य सभी वैधानिक लाभ दिए जाते हैं। उन्होंने इस मामले में भी उसी नियम का पालन करने की मांग की।काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रबंधन ने मामले में सकारात्मक निर्णय लेते हुए मृतक की पत्नी मौसमी माझी को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने पर सहमति जताई। साथ ही उन्हें एक माह के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए कहा गया। इसके अलावा ऑन-ड्यूटी डेथ बेनिफिट के तहत नियमानुसार अन्य सभी लाभ देने का भी आश्वासन दिया गया। सातग्राम-श्रीपुर एरिया के एरिया प्रबंधक (एचआर) गौरव मित्तल ने बताया कि सभी यूनियन प्रतिनिधियों और प्रबंधन के बीच आम सहमति बनने के बाद मृतक की आश्रित पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान कर दी गई है। नियमानुसार अन्य सभी औपचारिकताएं भी पूरी की जाएंगी।प्रबंधन के आश्वासन और नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने के बाद श्रमिक संगठनों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया, जिसके पश्चात जेके नगर कोलियरी में उत्पादन कार्य पुनः सामान्य हो सका।
