ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण अभियान, 2,000 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जामुड़िया । पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में मंगलवार को व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।अभियान के तहत क्षेत्रीय कार्यालय सहित क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में कुल 2,000 पौधे रोपे गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित आवरण में वृद्धि करना और कर्मचारियों व स्थानीय लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। अभियान का शुभारंभ कुनुस्तोड़िया क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और उन्हें पेड़ बनने तक उनकी देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए। महाप्रबंधक ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के दौर में वृक्षारोपण का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी का रूप देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के सभी कार्यालयों, खदानों और अन्य इकाइयों में एक साथ पौधरोपण किया गया, जिसके तहत कुल 2,000 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय संरक्षा अधिकारी उमेश पंडित, क्षेत्रीय अभियंता (वैद्युतिकी एवं यांत्रिकी) राहुल बाबू, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि यह संपूर्ण अभियान क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी विभांशु कुमार की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ईसीएल प्रबंधन ने बताया कि आने वाले समय में भी पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा सतत विकास के उद्देश्य से इस प्रकार के वृक्षारोपण अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण के निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *