आसनसोल नगर निगम के पूर्व बोर्ड पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, वी. शिवदासान दासू ने उच्चस्तरीय जांच की मांग

आसनसोल। आसनसोल नगर निगम (एएमसी) के पूर्व बोर्ड के कार्यकाल को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता वी. शिवदासान दासू ने पूर्व नगर निगम बोर्ड पर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 से नगर निगम के संचालन के दौरान विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुईं, जिसका खामियाजा पार्टी को भी राजनीतिक रूप से भुगतना पड़ा। दासू ने कहा कि नगर निगम में भवन निर्माण के नक्शों को स्वीकृति देने, सड़क निर्माण, आधारभूत ढांचे के विकास तथा विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता का अभाव रहा। उनके अनुसार कई योजनाओं में नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से कार्य किए गए, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ और जनता का भरोसा भी कमजोर पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का सीधा असर तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर पड़ा। उनके अनुसार निगम क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर पार्टी को जो नुकसान उठाना पड़ा, उसके पीछे जनता में व्याप्त नाराजगी एक प्रमुख कारण रही। यदि समय रहते इन शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती, तो पार्टी को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। वी. शिवदासान दासू ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी पार्टी नेतृत्व को नगर निगम के भीतर कथित भ्रष्टाचार को लेकर आगाह किया था। उन्होंने उस समय कुछ नेताओं को सार्वजनिक रूप से “चोर” और “लुटेरा” तक कहा था, क्योंकि उन्हें नगर निगम के कार्यों में गंभीर अनियमितताओं की जानकारी मिल रही थी। उनका कहना है कि यदि उस समय पार्टी नेतृत्व ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया होता और आवश्यक कार्रवाई की होती, तो आज हालात अलग होते। उन्होंने मांग की कि तत्कालीन मेयर, डिप्टी मेयर तथा उस समय नगर निगम के प्रशासनिक और राजनीतिक निर्णयों से जुड़े अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उनका कहना है कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो। दासू ने राज्य की शहरी विकास एवं नगर निगम मामले की मंत्री अग्निमित्रा पॉल से भी हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि आसनसोल नगर निगम में पिछले कार्यकाल के दौरान हुए कथित घोटालों और वित्तीय अनियमितताओं की व्यापक जांच के आदेश दिए जाएं, जिससे भ्रष्टाचार के आरोपों की वास्तविकता सामने आ सके। उल्लेखनीय है कि हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, पूर्व मेयर विधान उपाध्याय, पूर्व डिप्टी मेयर अभिजीत घटक तथा वसीम-उल-हक सहित कई वरिष्ठ नेता ऋतुव्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए हैं। ऐसे समय में वी. शिवदासान दासू द्वारा लगाए गए आरोपों ने जिले की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है तथा नगर निगम के पूर्व कार्यकाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, इस पूरे मामले में दासू के आरोपों पर संबंधित नेताओं या टीएमसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *