
जामुड़िया। लगातार हो रही बारिश के बीच ईसीएल के केंदा क्षेत्र अंतर्गत न्यू केंदा ओसीपी कुआरी-3 के समीप स्थित नील तालाब से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण शनिवार शाम ईस्ट केंदा खटालपाड़ा इलाके में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। जलभराव के कारण स्थानीय निवासी महेश यादव और हीरा यादव के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हालांकि घटना के समय कोई व्यक्ति दीवार की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नील तालाब का पानी निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी लगातार रिहायशी क्षेत्रों में भर रहा है। जलभराव से कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार जलजमाव के कारण मकानों की नींव कमजोर हो रही है और लोगों में अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित होता है। इस मामले में भाजपा नेता रूपेश यादव ने ईसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जल निकासी व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी तरह ईसीएल की है। यदि समय रहते नालियों और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाती, तो लोगों के घरों में पानी नहीं घुसता और दीवार गिरने जैसी घटना भी नहीं होती। उन्होंने कहा कि ईसीएल की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। कई परिवार जलभराव से प्रभावित हैं और उनके मकानों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईसीएल प्रबंधन ने शीघ्र प्रभावी जल निकासी व्यवस्था नहीं की और प्रभावित लोगों की समस्या का समाधान नहीं किया, तो स्थानीय लोगों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी ईसीएल प्रबंधन की होगी।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन से तत्काल जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने, प्रभावित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्थानीय लोगों में अब भी भय का माहौल बना हुआ है और वे किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।
