दुर्गापुर के पानागढ़ रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत

दुर्गापुर। दुर्गापुर के पानागढ़ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम पानागढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर अचानक लोगों की चीख-पुकार सुनाई दी। शोर सुनकर जब आसपास मौजूद लोग प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर की ओर पहुंचे तो वहां एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी गई। मृतक की पहचान जामिरुल मल्लिक (46 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पूर्व बर्दवान जिले के गलसी क्षेत्र के निवासी थे और पानागढ़ सेना छावनी में श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि जामिरुल मल्लिक संभवतः ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर लौटने के लिए रेलवे लाइन के सहारे प्लेटफॉर्म की ओर आ रहे थे। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार दूरंतो या अन्य लंबी दूरी की ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका शव कई हिस्सों में बिखर गया और प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर तक जा पहुंचा। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी एवं जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे रेलवे ट्रैक पार करने या रेलवे लाइन पर चलने के दौरान हुई दुर्घटना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए रेलवे लाइन पार करने या ट्रैक पर चलने से बचें तथा केवल निर्धारित फुट ओवरब्रिज अथवा अधिकृत मार्ग का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *