भाजपा का झंडा लेकर दादागिरी करने वालों की पार्टी में कोई जगह नहीं : विधायक जितेंद्र तिवारी

जनता मिलन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ

पांडवेश्वर। पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने हरिपुर के खुटाडीह कोलियरी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को अनुशासन का कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित संगठन है और इसमें केवल जनता की सेवा तथा विकास की राजनीति के लिए स्थान है। पार्टी का झंडा लेकर दादागिरी करने वाले या स्वयं को प्रभावशाली नेता समझने वालों के लिए भाजपा में कोई जगह नहीं है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तिवारी ने कहा कि भाजपा की पहचान जनसेवा, विकास और संगठनात्मक अनुशासन से है। यदि कोई व्यक्ति पार्टी के नाम का दुरुपयोग कर व्यक्तिगत लाभ उठाने या लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश करता है, तो ऐसे लोगों को संगठन में स्थान नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता बनने का अर्थ जनता की सेवा करना है, न कि अपने प्रभाव का प्रदर्शन करना।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पहले तृणमूल कांग्रेस के कुछ लोग ईसीएल के दो क्वार्टरों पर अवैध कब्जा करते थे, लेकिन अब भाजपा का झंडा लेकर स्वयं को नेता बताने वाले कुछ लोग चार-चार क्वार्टरों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी प्रवृत्ति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधायक ने आगे कहा कि यदि कोई व्यक्ति कमाई का साधन बनाने के उद्देश्य से भाजपा में शामिल हुआ है, तो वह गलतफहमी में है। उन्होंने कहा, “अपना व्यवसाय कर परिवार का पालन-पोषण कीजिए, लेकिन पार्टी को कमाई का माध्यम बनाने की मानसिकता रखने वालों के लिए भाजपा में कोई स्थान नहीं है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की गरिमा बनाए रखने और जनता के बीच सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान विधायक जितेंद्र तिवारी ने भाजपा की नेत्री सोनाली गिरि को खुटाडीह कोलियरी क्षेत्र में संगठनात्मक कार्यों के समन्वय, जनता की समस्याओं के समाधान और स्थानीय विकास कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि खुटाडीह कोलियरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की दबंगई, गुटबाजी या व्यक्तिगत स्वार्थ की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में जनता ही सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व जनता की सेवा करना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहना है। कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की नीति और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए जनता का विश्वास मजबूत करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *