
दुर्गापुर। दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र के राजबांध स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में सड़क की रंगाई (रोड मार्किंग) कार्य में लगे पांच श्रमिक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक आसनसोल की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही कांकसा थाना पुलिस और कांकसा ट्रैफिक गार्ड की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाकर यातायात सामान्य कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सड़क पर सफेद पट्टियां (रोड मार्किंग) बनाने का कार्य चल रहा था। इसके लिए एक पिकअप वैन को सड़क किनारे खड़ा किया गया था, जिसका अगला हिस्सा कोलकाता की ओर था। वैन पर सवार पांच श्रमिक सड़क पर रंगाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कोलकाता से आसनसोल की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पीछे से पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन पलट गई। हादसे के समय उस पर कार्यरत सभी पांच श्रमिक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कांकसा थाना पुलिस तथा कांकसा ट्रैफिक गार्ड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, सभी को चोटें आई हैं, हालांकि किसी की स्थिति को लेकर आधिकारिक रूप से गंभीर होने की पुष्टि नहीं की गई है। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के आसनसोलगामी लेन पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।
कांकसा थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण खो देना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
