उत्तर दमदम में गैंगवार : कुख्यात बदमाश राजा दत्त की गोली मारकर हत्या, दो साथी घायल

कोलकाता, 13 जुलाई । उत्तर दमदम के बेलघरिया एक्सप्रेसवे स्थित खलिसाकोटा इलाके में सोमवार तड़के हुए कथित गैंगवार में कुख्यात बदमाश राजा दत्त की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में उसके दो सहयोगी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार तड़के राजा दत्त अपने साथियों के साथ खलिसाकोटा पहुंचा था। उसी दौरान एक प्रतिद्वंद्वी अपराधी गिरोह के सदस्य भी वहां आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि विरोधी गिरोह ने राजा दत्त की पिस्तौल छीन ली और उसी हथियार से उस पर तथा उसके साथियों पर पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोलियां चला दीं। गोली लगने से राजा दत्त और उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

सूचना पाकर खड़दह थाना पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस घायलों को तत्काल आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने राजा दत्त को मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों साथियों का उपचार जारी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बेलघरिया एक्सप्रेसवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस सनसनीखेज वारदात के बाद एक बार फिर बेलघरिया एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि इससे पहले भी इस इलाके में गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *