
आसनसोल। आसनसोल बाजार क्षेत्र में नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। पश्चिम बर्धमान जिला एआईएमआईएम के अध्यक्ष दानिश अज़ीज़ ने शनिवार को एक बयान जारी कर अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि कार्रवाई के दौरान अनेक हॉकरों की आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त पूर्व सूचना और पुनर्वास की व्यवस्था किए दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाया गया, जिससे गरीब परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। दानिश अज़ीज़ ने कहा कि 9 जुलाई को राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बाजार क्षेत्र का दौरा कर अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए थे। उनका दावा है कि कार्रवाई निर्धारित समय से पहले शुरू कर दी गई, जबकि प्रभावित लोगों को अपना सामान हटाने और वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए था।एआईएमआईएम नेता ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान कई हॉकरों का व्यापारिक सामान नष्ट हो गया, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कानून का पालन कराने के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण भी अपनाना चाहिए था। उन्होंने मांग की कि जिन हॉकरों का नुकसान हुआ है, उन्हें उचित मुआवजा और वैकल्पिक पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप हुई या नहीं। दानिश अज़ीज़ ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम के जिन कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उन्हें पूरे मामले का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, जबकि वास्तविक तथ्यों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
