तारकेश्वर नगरपालिका में नए प्रशासक की नियुक्ति, आशिष कुमार राय संभालेंगे जिम्मेदारी

तारकेश्वर नगरपालिका में नए प्रशासक की नियुक्ति, आशिष कुमार राय संभालेंगे जिम्मेदारी

हुगली, 07 जुलाई । पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव के बाद से तारकेश्वर नगरपालिका का प्रशासनिक कामकाज लगभग ठप पड़ा हुआ था। आरोप है कि नगरपालिका के चेयरमैन उत्तम कुंडू समेत कई पार्षद लंबे समय से नगरपालिका कार्यालय नहीं आ रहे थे, जिसके कारण विभिन्न नागरिक सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। इससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, नगरपालिका कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर भी अनिश्चितता की स्थिति बन गई थी।

आगामी श्रावणी मेले को देखते हुए नगरपालिका की तैयारियों और आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए हुगली जिला मुख्यालय के डिप्टी मजिस्ट्रेट एवं डिप्टी कलेक्टर आशिष कुमार राय को तारकेश्वर नगरपालिका का नया प्रशासक नियुक्त किया है। उन्होंने मंगलवार से अपना कार्यभार संभाल लिया।

इस संबंध में तारकेश्वर के विधायक संतु पान ने कहा कि नगरपालिका के चेयरमैन को कई बार काम पर लौटने का आग्रह किया गया, लेकिन उन्होंने कार्यालय आना शुरू नहीं किया। इसके कारण नगरपालिका का नियमित कार्य प्रभावित हो रहा था और कर्मचारियों को समय पर वेतन भी नहीं मिल पा रहा था। उन्होंने बताया कि स्थिति से एसडीओ को अवगत कराया गया, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर नए प्रशासक की नियुक्ति का निर्णय लिया गया।

प्रशासन को उम्मीद है कि नए प्रशासक के कार्यभार संभालने से नगरपालिका की सेवाएं जल्द सामान्य होंगी और श्रावणी मेले को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जा सकेंगी। स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब नगर की नागरिक सुविधाओं में सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *