माकपा नेता मीनाक्षी मुखर्जी की कार पर अंडों से हमला, भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप

कूचबिहार, 07 जुलाई । माकपा की केंद्रीय समिति की सदस्य मीनाक्षी मुखर्जी की कार पर मंगलवार को कथित तौर पर अंडे फेंके गए। यह घटना शीतलकुची में उस समय हुई, जब वह पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। कार में उनके साथ माकपा के पूर्व सांसद अलोकेश दास भी मौजूद थे।

दो दिन पहले शीतलकुची में माकपा कार्यकर्ता मोंटू मिया की मौत हुई थी। माकपा का आरोप है कि उनकी हत्या की गई है और शुरुआत में पुलिस ने परिवार की शिकायत दर्ज नहीं की। बाद में शिकायत दर्ज की गई। वहीं, शीतलकुची के एक प्रवासी श्रमिक की मुंबई में मौत के बाद उसका शव वापस लाने में भी प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए जाने का आरोप पार्टी ने लगाया है।

इन्हीं दोनों मामलों के विरोध में मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम रखा गया था। इससे पहले मीनाक्षी मुखर्जी सुबह मोंटू मिया के परिवार से मिलने गई थी। लौटते समय शीतलकुची बाजार क्षेत्र में उनकी कार पर कथित तौर पर कुछ लोगों ने अंडे फेंके।

मीनाक्षी मुखर्जी ने आरोप लगाया कि यह हमला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने किया। उन्होंने पुलिस पर भी निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया। घटना के दौरान उन्होंने कार के अंदर से सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो प्रसारित किया, जिसमें उनकी कार पर लगातार अंडे फेंके जाते हुए दिखाई दे रहे है।

घटना के बाद मीनाक्षी मुखर्जी ने कहा कि यह भाजपा का काम है। पहले आरोपितों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। मेरा अपराध क्या है? गाड़ी यहीं खड़ी रहेगी। जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, गाड़ी नहीं हटेगी। यहां मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *