रानीगंज में 5 किमी मिनी मैराथन का भव्य आयोजन, चार राज्यों के 600 धावकों ने दिखाई दमखम

स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

रानीगंज । रानीगंज में रविवार की सुबह खेल, स्वास्थ्य और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। रानीगंज एथलेटिक सी.सी., मॉर्निंग वॉकर्स योग ग्रुप तथा चैंपियन सिक्योरिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘रानीगंज 5 किलोमीटर मिनी मैराथन-2026’ में चार राज्यों के लगभग 600 धावकों ने भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मिनी मैराथन का शुभारंभ रविवार सुबह 5 बजे रानीगंज के शिशुबागान स्थित रॉबिन सेन स्टेडियम से किया गया। निर्धारित पांच किलोमीटर की दौड़ में भाग लेने के लिए सुबह से ही प्रतिभागियों की भारी भीड़ स्टेडियम परिसर में जुट गई थी। दौड़ शुरू होते ही पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल देखने को मिला और स्थानीय नागरिकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित व्यायाम और फिटनेस की संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा खेलों के माध्यम से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इसमें केवल पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंचे। चार राज्यों के करीब 600 धावकों की भागीदारी ने आयोजन को अंतरराज्यीय स्वरूप प्रदान किया।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हो सके। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रानीगंज एथलेटिक सी.सी., मॉर्निंग वॉकर्स योग ग्रुप और चैंपियन सिक्योरिटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जबकि सभी धावकों की खेल भावना और उत्साह की सराहना की गई। रानीगंज में आयोजित इस सफल मिनी मैराथन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त युवा शक्ति के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *