आसनसोल के रामकृष्ण मिशन पहुंचे विधायक जितेंद्र तिवारी, स्वामी सोमान्तानंद जी से लिया आशीर्वाद

पांडवेश्वर। पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने रविवार को आसनसोल स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम पहुंचकर आश्रम के प्रमुख पूजनीय स्वामी सोमान्तानंद जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने स्वामीजी का आशीर्वाद लिया और विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर उनसे चर्चा की। मुलाकात के बाद विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि संतों का सान्निध्य व्यक्ति को समाज और मानवता की सेवा के लिए नई प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वामी सोमान्तानंद जी महाराज का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा। विधायक ने कहा कि रामकृष्ण मिशन वर्षों से सेवा, शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। स्वामी रामकृष्ण परमहंस, माँ शारदा और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने वाला यह संस्थान समाज में मानव सेवा और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसे आध्यात्मिक और सामाजिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जितेंद्र तिवारी ने मिशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थानों का मार्गदर्शन जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहता है। उन्होंने स्वामी सोमान्तानंद जी महाराज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम में बिताया गया समय उनके लिए अविस्मरणीय और प्रेरणादायी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *